चर्चित समाचार, छत्तीसगढ़, मुख्य समाचार

छात्र जीवन सर्वश्रेष्ठ समय : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

रायपुर। 

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।डॉ. सिंह ने महाविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नेक) द्वारा बीप्लस प्लस ग्रेड मिलने पर बधाई दी और इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन व्यक्ति का सर्वश्रेष्ठ समय होता है, जो वापस नहीं आता, इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। उन्होने छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि वे अमेरिका, यूरोप सहित दुनिया के बड़े संस्थानों में अपनी बुद्धिमत्ता से देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने नवीन शिक्षा नीति को रोजगारोन्मुख बताते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी। साथ ही, उन्होंने महाविद्यालय में अधोसंरचना सुधार, नए कक्षों के निर्माण, नियमित स्टाफ की नियुक्ति और अन्य सुविधाओं के विस्तार के लिए बजट में प्रावधान करने की घोषणा की।

इस अवसर पर प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में लुमिना, कल्याणी, सोनम चंद्राकर, आंचल कसार, ओमेश्वरी, धनश्री चंचल सोनटेके, लक्ष्मी साहू, सुनील कुमार साकरे, योगिता, नम्रता द्विवेदी, दीपांशु साहू, साहिल राय, अशुतोष उपाध्याय, एकता वर्मा, तरूण कुमार, कार्तिका साहू, मिथलेश साहू, भाविका साहू सहित अन्य छात्र शामिल थे।सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से राजनांदगांव में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई है, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाएं बेहतर हुई हैं। उन्होंने महाविद्यालय के रिकॉर्ड रूम के लिए 55 हजार रुपये और साइकल स्टैंड के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि जिले के प्रमुख महाविद्यालयों कमला कॉलेज, दिग्विजय कॉलेज और शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल रही है। उन्होंने महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।इस कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसडीएम खेमलाल वर्मा, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.