IIT JEE मेन 2021: परीक्षा तारीखों का हुआ ऐलान, अब 4 सत्रों में होगी परीक्षाएँ, क्षेत्रीय भाषाओं को भी किया गया है शामिल

0
Dr-RPNishank

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने JEE मेन 2021 परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बुधवार को हुई घोषणा के मुताबिक JEE मेन परीक्षा 2021 का पहला सत्र 23 फरवरी से 26 फरवरी 2021 के बीच होगा। इस बार JEE मेन 2021 का आयोजन चार सत्रों में किया जाएगा। फरवरी के बाद बाद दूसरा सत्र मार्च, तीसरा अप्रैल और चौथा मई में होगा। चार सत्रों में परीक्षा लेने का मकसद है कि अलग अलग समय पर होने वालीं विभिन्न राज्यों की बोर्ड परीक्षाएं JEE मेन परीक्षा के आयोजन में बाधा पैदा न करें। बता दें कि IIT JEE मेन्स की परीक्षाएं इससे पहले साल में दो बार ही आयोजित होती थी।

गौरतलब है कि JEE मेन्स परीक्षा अब कुल 13 भाषाओं में होगी- अंग्रेजी, हिंदी, गुजराती, बांग्ला, असमी, कन्नड़, मराठी, मलयालम, उड़िया, तमिल, उर्दू, तेलुगू, पंजाबी। अभी तक JEE परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी, गुजराती में होती रही है। इस बार से कई क्षेत्रीय भाषाओं को परीक्षा माध्यम के तौर पर शामिल किया गया है। जिससे परीक्षार्थियों में उत्साह है।

इस बार JEE मेन्स में कई बदलाव हुए हैं। चार चरणों में आयोजित परीक्षाओं में एक से अधिक एक्जाम्स में स्टूडेंट्स शामिल हो सकते हैं। 2021 के चारों चांस में से स्टूडेंट्स के बेस्ट एनटीए स्कोर के आधार पर मेरिट लिस्ट/रैंकिंग बनेगी। इस व्यवस्था के तहत छात्रों के पास अधिक विकल्प होंगे साथ ही उत्तीर्णता का बेहतर मौका भी।

खास बात ये है कि इस बार UPSEE (2021) का आयोजन नहीं होने की बात कही जा रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू), लखनऊ सहित यूपी के 750 कॉलेजों में 1.40 लाख सीटों पर जेईई मेन 2021 के स्कोर के आधार पर ही छात्रों को दाखिला मिल सकेगा।

शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इससे पहले जानकारी दी थी कि वे लगातार छात्रों के संपर्क में थे। इस दौरान जेईई को लेकर छात्रों ने कई सुझाव केंद्रीय मंत्री को दिए थे। जिसे एनटीए को भेजा गया था। अच्छी बात ये कि परीक्षा लेने वाली एजेंसी एनटीए ने इनमें कई सुझावों को स्वीकार भी कर लिया है। परीक्षा का आयोजन करने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने साल 2021 में आयोजित होने वाले एग्जाम में कई बदलाव किए हैं।

बीते 10 दिसंबर को शिक्षा मंत्री निशंक ने एक वेबिनार के जरिए आगामी बोर्ड परीक्षाओं और जेईई मेन व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के मसले पर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के सवालों का जवाब दिया था। उन्होंने जेईई मेन 2021 और नीट 2021 परीक्षाओं को लेकर भरोसा दिलाया था कि इन परीक्षाओं के सिलेबस कम किये जाएंगे। इन्ही सुझावों के आधार पर इस बार चार सत्रों में जेईई परीक्षा के आयोजन का फैसला लिया गया है।

शिक्षा मंत्री निशंक ने आश्वस्त किया है कि अब CBSE 10वीं 12वीं परीक्षाओं की डेट को लेकर छात्रों को चिंता करने की दरकार नहीं है। CBSE की परीक्षाएं शुरू होने से काफी पहले एग्जाम डेट जारी कर दी जाएंगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि CBSE ने बोर्ड परीक्षा का 30 फीसदी सिलेबस कम कर दिया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.