खबर राजधानी से, छत्तीसगढ़, नवीनतम, राज्यों से

सिक्किम के मुख्य सचिव ने माना मुख्यमंत्री का आभार, कलाकार की तबीयत बिगड़ने पर एयर एम्बुलेंस के जरिए भेजा गया था दिल्ली

रायपुर(आईएसएनएस)। सिक्किम के मुख्य सचिव एस.सी. गुप्ता ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के दौरान उनके राज्य के कलाकार पदम गंधर्व को आकस्मिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि सिक्किम से आए कलाकारों के दल के सदस्य पदम गंधर्व की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तबीयत में सुधार नहीं होने पर मुख्यमंत्री की पहल पर एयर एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए तत्काल दिल्ली भेजा गया।

सिक्किम के मुख्य सचिव श्री गुप्ता ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव आर.पी. मंडल को भेजे अर्ध-शासकीय पत्र में छत्तीसगढ़ सरकार की इस मानवीयता और संवेदनशील पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि कलाकार पदम गंधर्व को एयर एम्बुलेंस के जरिए त्वरित चिकित्सा सहायता से न केवल उनकी जीवन की रक्षा हो पाई, बल्कि इस कार्य से छत्तीसगढ़ ने सिक्किम की जनता का भी दिल जीत लिया है। उन्होंने 27 से 29 दिसम्बर 2019 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव जैसे बड़े आयोजन में सिक्किम राज्य के कलाकारों को मौका देने के लिए भी आभार व्यक्त किया और छत्तीसगढ़ में भविष्य में होने वाले ऐसे आयोजनों में सिक्किम के कलाकारों की भागीदारी के लिए भी आश्वस्त किया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.