नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने के लिए मची भगदड़, 18 लोगों की मौत; 12 घायल

0
15_02_2025-stampede4_23885169_235518501

नई दिल्ली।

 नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (New Delhi Railway Station) पर शनिवार रात कुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड़ अधिक होने से भगदड़ मच गई। इसकी चपेट में आने से 18 लोगों की मौत हो गई। 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर है। लोकनायक अस्पताल ने इसकी पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात प्लेटफार्म नंबर 14 पर प्रयागराज ट्रेन खड़ी थी। इसमें सवार होने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे थे।

स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी विलंब से चलने के कारण इसके यात्री भी प्लेटफार्म पर नंबर 12,13 और 14 पर थे। इसी दौरान प्रयागराज ट्रेन के और यात्री आने लगे। इससे प्लेटफार्म नंबर 16 के एस्केलेटर के पास और प्लेटफार्म नंबर 14 व 15 पर भगदड़ मच गई। इसमें महिलाएं और बच्चों समेत कई लोग गिर गए। लोग उनके ऊपर से चढ़कर पार होने लगे।

रेल मंत्री ने कहा- स्थिति नियंत्रण में

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थिति नियंत्रण में है। दिल्ली पुलिस और आरपीएफ पहुंच गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अचानक भीड़ को हटाने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।”

दिल्ली फायर सर्विसेज ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति है। इस संबंध में रेलवे स्टेशन से एक कॉल मिली। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गई। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। वहीं दिल्ली पुलिस ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसमें करीब 10 लोग घायल हैं।

रेलवे ने घटना को बताया अफवाह

वहीं उत्तर रेलवे के सीपीआरओ ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कोई भगदड़ नहीं है। यह महज एक अफवाह है। उत्तर रेलवे प्रयागराज के लिए दो नियोजित विशेष ट्रेनें चला रहा था। रेलवे ने कहा कि पुलिस मौके पर है और स्थिति नियंत्रण में है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है।

लोकनायक अस्पताल ने मौतों की पुष्टि की

हादसे की सूचना पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। एंबुलेस से घायलों को लोकनायक सहित अन्य अस्पतालों में भेजा गया। लोक नायक अस्पताल प्रशासन ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रविवार को अवकाश होने के कारण शनिवार को प्रयागराज जाने के लिए काफी संख्या में लोग जुट गए। शनिवार को जनरल टिकट भी काफी काटे गए।

हादसे के कारण

  • नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर नहीं थी भीड़ प्रबंधन की कोई तैयारी
  • तीन ट्रेनों के जाने में विलंब से प्लेटफार्म पर यात्री संख्या बढ़ गई
  • भीड़ बढ़ने की चिंता नहीं की गई और जनरल टिकटों को बेचना जारी रखा गया
  • सीढ़ियों व उसके आसपास बैठे लोगों को हटाने का कोई प्रयास नहीं किया गया

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.